बिलासपुर। बिलासपुर में पड़ रही कड़ाके की ठंड के चलते सुविधा संपन्न लोग तो जैसे-कैसे भी अपना बसर कर लेंगे लेकिन दीन, असहाय तथा मजबूरी से ग्रसित लोगों की सेवा के लिए आगे आना ही वास्तव में मानवता की सेवा है। यह बात उपायुक्त बिलासपुर राजेश्वर गोयल ने बीती शाम नगर के विभिन्न स्थानों पर जिला प्रशासन, रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वाधान में चलाए गए गिट्ठा एवरी डे कार्यक्रम(अलाव, अंगीठा) के निरीक्षण के दौरान बस अड्डा पर कही।
उपायुक्त ने बस अड्डा के भीतर, ऑटो स्टैंड तथा एनएच-21 पर व्यास कांप्लेक्स के सामने लगाए गए गिट्ठों का निरीक्षण किया। उपायुक्त बिलासपुर राजेश्वर गोयल ने इस अनूठी पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड में सैकड़ों लोग गंतव्य की ओर जाने के लिए बसों का इंतजार करते हैं। जबकि कोई सफर कर वापस आता है तो ऐसे में उनके लिए ठिठुरने के अलावा और कोई चारा नहीं होता है। ऐसे में इस अभियान का वह लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि नगर के चंपा पार्क, कॉलेज चौक पर भी गिट्ठा लगाया जाएगा। वहीं वन विभाग भी इस पुनीत कार्य में मदद कर रहा है। बताया कि स्थानीय लोगों की सहभागिता इसमें आवश्यक है तथा लोगों को इस अभियान में जोड़ा जा रहा है।
वहीं रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव अमित कुमार ने बताया कि इंसानियत की सेवा के लिए उठाए गए इस कदम की सर्वत्र सराहना हो रही है तथा सोसायटी इस अभियान को सतत जारी रखने के लिए प्रयासरत है। इस कार्यक्रम में अड्डा इंचार्ज रामेश्वर दास सहित अन्य मौजूद रहे।
.