बिलासपुर (रामपुर) कोतवाली क्षेत्र की एक महिला की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने घटना रुद्रपुर की बताते हुए सूचना रुद्रपुर पुलिस को देने की बात कही है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक अपनी रुद्रपुर के मोहल्ला रम्पुरा में किराये पर रहता है। युवक रुद्रपुर की एक फैक्टरी में काम करता है और उसकी 25 वर्षीय पत्नी घर पर ही रहती थी। युवक सोमवार को फैक्टरी गया था। जब वह शाम को कमरे पर लौटा तो देखा कि उसकी पत्नी फंदे पर लटकी हुई थी।
पत्नी को फंदे पर लटकता देख युवक की चीख निकल गई और मोहल्ले के तमाम लोग मौके पर एकत्र हो गए। युवक ने मामले की सूचना अपने परिजनों व ससुराल वालों को दी। सूचना पर युवती के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवती की हत्या कर फंदे पर लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद मायके पक्ष के कुछ लोगों ने कोतवाली क्षेत्र की उत्तराखंड सीमा से सटी रूद्र बिलास पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की सूचना चौकी प्रभारी मनोज कुमार को दी।
उन्होंने युवक पर अपनी पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाया। चौकी पुलिस ने उन्हें बताया कि घटना उनके थाना क्षेत्र की नहीं, बल्कि उत्तराखंड के जिला उधमसिंह नगर के थाना रुद्रपुर क्षेत्र की है। वह घटना की सूचना रुद्रपुर पुलिस को दें। इसके बाद युवती के मायके वाले रुद्रपुर चले गए।
कोतवाली प्रभारी तेजवीर सिंह ने बताया कि युवती के फंदे पर लटका कर हत्या करने की शिकायत करने के लिए कुछ लोग यहां आए थे। मगर घटनास्थल उनके यहां का न होकर रुद्रपुर क्षेत्र का था, इसलिए उन्होंने उक्त लोगों को रुद्रपुर पुलिस के पास भेज दिया है। सीओ विद्या किशोर शर्मा का कहना है कि उक्त घटना का उनके यहां से कोई भी लेना देना नहीं है, बल्कि युवक उनके क्षेत्र का रहने वाला जरूर है।