- किसान समिति बच्छरेटू ने उठाई मांग
- पदाधिकारी बोले, कुछ ठेकेदार क्षेत्रवाद फैलाकर कर रहे लूटने की कोशिश
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। किसान समिति बच्छरेटू ने खैर के पेड़ों के दाम तय करने के बाद निशानदेही करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि कुछ ठेकेदार क्षेत्रवाद फैलाकर किसानों को लूटने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रेस को जारी संयुक्त बयान में समिति प्रधान कपिल शर्मा, उप प्रधान केसर दत्त, सचिव रोशन लाल ने कहा कि किसान समिति बच्छरेटू में पांच ग्राम पंचायतों के करीब 180 किसान शामिल हैं। यह किसान अपनी मलकीत भूमि में कटान के लिए तैयार हैं। इसमें लाखों रुपये के खैर के पेड़ हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के खैर के पेड़ ही कोटधार में आय का प्रमुख साधन हैं, लेकिन कुछ ठेकेदारों की ओर से खैर के पेड़ों को क्षेत्रवाद फैलाकर किसानों के खैरों पर डाका डालने का प्रयास किया जा रहा है। किसान समिति बच्छरेटू के प्रधान कपिल शर्मा ने कहा कि वे किसी भी कीमत पर किसानों के खैर के पेड़ों पर चंद ठेकेदारों को डाका नहीं डालने देंगे। उन्होंने उपरोक्त पंचायत के किसानों से आह्वान किया है सोमवार को आयोजित बैठक में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को खैर के पेड़ों का उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने कहा कि खैर किसानों की आर्थिकी में काफी योगदान है।