लाखों लोगों के आस्था का केंद्र मार्कंड तीर्थ स्थल पर बुधवार को बैसाखी पर्व पर पवित्र स्नान के लिए हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। बुधवार को यहां हिमाचल, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित बाहरी राज्यों के करीब 60 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया।
बिलासपुर के मार्कंड तीर्थ स्थल पर बैसाखी पर्व से दो दिवसीय मेले शुरू हो गया है। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंगलवार देर सायं से ही लोगों का हजूम यहां पर उमड़ना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त में पवित्र जल में स्नान किया।
बुधवार को सारा दिन स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस दौरान भगवान शिव मंदिर, ऋषि मार्कंड मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर को पूरी तरह से लाइटों से सजाया गया था। मेले का शुभारंभ मंदिर कमेटी के प्रधान सुखराम भारद्वाज ने झंडा रस्म अदा करके किया।
मेले में महिलाओं के स्नान के लिए वैकल्पिक स्नान घरों की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान सफाई व्यवस्था के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे। श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था भी की गई थी। वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था के लिए दो पार्किंग स्थल वटीकृष्णा और पटवारखाना में समीप की गई थी। रात के समय श्रद्धालुओं को चलने में सुविधा के लिए रास्ते में लाइटों का प्रबंध भी किया गया था।
इस दौरान पुलिस के जवानों के अलावा मेला कमेटी के 50 स्वयंसेवक भी श्रद्धालुओं की सेवा में लगे रहे। मेला अधिकारी हंसराज शर्मा ने बताया कि मार्कंड तीर्थ स्थान पर बैसाखी पर्व पर हजारों लोगों ने पवित्र स्नान किया।
इस दौरान मेले का आयोजन भी किया गया। इसमें आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा प्रबंध किया गया था। इस मौके पर राजेंद्र पाल ठाकुर, बाबू राम ठाकुर, नरेश शर्मा, संत राम कश्यप, सुखराम नड्डा, तृप्ता देवी और कमल ठाकुर सहित अन्यों ने मेले के आयोजन में सहयोग किया।