सदर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान की कार्रवाई
सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने ढलियारा में नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार युवक से 50 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस नशीले पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान पंकज (34), निवासी गांव भिउरा, डाकघर कुम्मी, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने ढलियारा के पास नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।
पुलिस जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लाया था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। साथ ही, उसके किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की भी जांच की जा रही है। इसके लिए पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है।
कोट
नशा तस्करी के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में नशीले पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए भी जांच की जाती है।