झंडूता के बल्हसीणा में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता के तहत एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरठीं से पुलिस थाना शाहतलाई को सूचना मिली कि सुनील कुमार (45) निवासी गांव बल्हसीणा, डाकघर घंडीर को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर सीएच बरठीं पहुंची और शव का निरीक्षण किया। पुलिस को दिए गए बयान में मृतक के पिता कर्म चंद (72) ने बताया कि 26 जनवरी की शाम को उनका पुत्र सुनील कुमार घर पर मौजूद था। इसके बाद वह पशुशाला की ओर चला गया। देर रात मृतक के पुत्र पियूष का फोन आया, जिस पर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार जब वे कमरे में पहुंचे तो सुनील कुमार अपने कमरे में बिस्तर पर बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ था और कमरे के पंखे से दुपट्टा लटका हुआ था। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत्यु को लेकर किसी भी व्यक्ति पर कोई संदेह नहीं है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।