- पंचायत स्तर पर भी ई केवाईसी कराने के लिए लगाए जाएंगे शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में 20 अगस्त 2023 तक सभी राशन कार्ड धारकों की ई केवाईसी का कार्य शुरू करवाया गया है, यह जानकारी उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने दी।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 4,31,642 लाभार्थी राशन कार्ड धारक हैं। इनमें से अब तक केवल 2,56,047 ने ही अपने राशन कार्ड का ई केवाईसी करवाया है। जबकि 1,51,178 लाभार्थियों की ई केवाईसी लंबित है। ई- केवाईसी के अंतर्गत लाभार्थियों को राशन कार्ड को आधार कार्ड से जोड़ा जा रहा है। उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि सभी राशन कार्ड धारक अपने राशन कार्ड का ई-केवाईसी अवश्य करवाएं। ताकि पात्र व्यक्तियों की पहचान की जा सके और योजना का लाभ दिया जा सके। कहा कि राशन कार्ड धारक ई-केवाईसी के लिए अपने नजदीकी उचित मूल्य की दुकान में जाकर करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त संबंधित पंचायतों में भी ई-केवाईसी के लिए कैंप लगाए जाएंगे। इसमें पहुंचकर लाभार्थी ई-केवाईसी करवा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि जिले में जल्द से जल्द शत-प्रतिशत लोग अपने राशन कार्ड का ई-केवाईसी करवा सकें। यदि किसी लाभार्थी को ई-केवाईसी कराने में किसी भी प्रकार की कठिनाई आती है तो वह संबंधित दूरभाष संख्या 01978-222 349 या खंड स्तर पर कार्यरत विभाग के निरीक्षक से संपर्क कर सकते हैं। जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले अधिकारी ब्रिजेंद्र पठानिया से संपर्क कर सकते हैं।