जुखाला (बिलासपुर)। जुखाला और आसपास के क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या अब जल्द हल हो जाएगी। पांच करोड़ की लागत से जुखाला में 32 केवी विद्युत सब स्टेशन का कार्य इन दिनों प्रगति पर है। स्टेशन जून 2021 तक बन कर तैयार हो जाएगा। इसके तैयार होने के बाद क्षेत्र की करीब 50 हजार से ज्यादा की आबादी लाभान्वित होगी।
सब स्टेशन से एम्स की पेयजल योजना को जोड़ा जाएगा। वहीं जुखाला छकोह, दयोथ व नमहोल के क्षेत्रों को इस सब स्टेशन से जोड़ा जाएगा। इस सब स्टेशन का कार्य मार्च तक पूरा हो जाना था, परंतु कोरोना महामारी के चलते इसके कार्य में देरी हुई है। इस सब स्टेशन की जबली से जुखाला तक विद्युत लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है। स्विच यार्ड का कार्य चला हुआ है। सिर्फ इमारत का कार्य छह महीनों में पूरा हो जाएगा। सब स्टेशन से जुखाला सेक्शन का पूरा एरिया व छकोह के कंदर नम्होल का कुछ एरिया व दयोथ सेक्शन के ब्रह्मपुखर तक विद्युत आपूर्ति होगी।
बताते चलें कि इस सब स्टेशन से जहां नमहोल सब स्टेशन का बोझ कम होगा। वहीं लोगों को लो वोल्टेज की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा। अधिशासी अभियंता मंडल बिलासपुर बिजली बोर्ड एमएस गुलेरिया ने बताया कि कोरोना महामारी के कारण इस कार्य में देरी हुई है। इसे जून 2021 तक पूरा कर दिया जाएगा। उन्हाेंने कहा कि यह सब स्टेशन एम्स की दृष्टि से भी अति महत्वपूर्ण है। इसी से एम्स की पेयजल योजना को जोड़ा जाएगा। संवाद