डियारा में चल रही रामलीला में अहिल्या उद्धार का दृश्य। संवाद
ताड़का वध कर धर्म की रक्षा का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर के डियारा सेक्टर स्थित श्री राम नाटक मंच पर मंगलवार रात श्रीराम नाटक समिति की ओर से आयोजित राम नाटक का दूसरा दिन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
दूसरे दिन की शुरुआत वेदवती और रावण संवाद से हुई। इस प्रसंग में रावण के घमंड और वेदवती के श्राप को सजीव अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। दर्शकों ने रावण और वेदवती का अभिनय कर रहे गोपाल हंस और पारस गौतम के अभिनय को खूब सराहा। पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज गया। इसके उपरांत राम जन्म दृश्य मंचित हुआ, जिसमें राजा दशरथ को पुत्र प्राप्ति का वरदान मिलता है और अयोध्या नगरी में हर्षोल्लास का वातावरण बनता है। अगले दृश्य में ताड़का वध का रोमांचक प्रसंग प्रस्तुत किया गया। श्री राम और लक्ष्मण की ओर से ताड़का का वध करते हुए धर्म की रक्षा का संदेश दर्शकों तक पहुंचाया गया। इस दृश्य में प्रकाश और ध्वनि प्रभावों ने अद्भुत वातावरण बना दिया। अंतिम दृश्य में श्रीराम की ओर से अहिल्या उद्धार किया। श्रीराम के चरण स्पर्श से पत्थर बनी अहिल्या का उद्धार होते ही पूरे पंडाल में जयकारे गूंज उठे। इस अवसर पर नगर परिषद के अध्यक्ष कमल गौतम ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।