स्वारघाट (बिलासपुर)। उपमंडल स्वारघाट के तहत गांव भुवाई में पेड़ों की काटछांट करते समय विद्युत अनुभाग स्वाहण में कार्यरत लाइनमैन को करंट लग गया। घायल लाइनमैन को प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्वारघाट पहुंचाया गया, जहां से एफआरयु नालागढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल का बयान लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार लाइनमैन कृष्णा राम (55) पुत्र कर्म चंद निवासी गांव धरा, डाकघर स्वाहण, तहसील श्री नयनादेवी पेड़ों की टहनियों की काटछांट कर रहा था। पेड़ की टहनी अचानक बिजली की तार पर गिर गई। इस कारण लाइनमैन बुरी तरह से झुलस गया। थोडी देर पेड़ से चिपके रहने के बाद वह पेड़ से नीचे गिर गया। लाईनमन की बाजू व टांगें बुरी तरह से झुलस गई हैं। लोगों ने घायल को प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्वारघाट पहुंचाया। जहां से एफआरयु नालागढ़ रेफर कर दिया गया है।
स्वारघाट विद्युत उपकेंद्र में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता विनय कुमार से कहा कि छोटी विद्युत लाइन बंद की गई थी। लेकिन पास से गुजर रही बड़ी टावर लाइन पर पेड़ की टहनियां छूने से लाइनमैन को करंट लगा है। हादसे में लाइनमैन बाल-बाल बच गया है। उसकी हालत में अब सुधार हो रहा है।