बिलासपुर के भपराल गांव में सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ तेंदुआ। संवाद
-चहलकदमी ने भपराल के लोगों में भय का माहौल
- वन विभाग पकड़ने के लिए लगा रहा ट्रैप कैमरे और पिंजरा
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। उपतहसील भराड़ी के तहत भपराल गांव में घर के आंगन में तेंदुआ पहुंच गया। तेंदुए की यह चहलकदमी घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। रिहायशी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। उधर, वन विभाग भी तेंदुए को पकड़ने के लिए ट्रैप कैमरे और पिंजरा लगा रहा है। भपराल गांव के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य चमन जसवाल ने बताया है कि मंगलवार रात को घर के आंगन में तेंदुआ आ गया। बुधवार सुबह जब सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो रात करीब एक बजे तेंदुआ आंगन में घूम रहा था। ऐसे में अब परिजनों में भय का माहौल है। घर के आसपास करीब आधा दर्जन अन्य परिवार भी रहते हैं। घरों में छोटे बच्चे हैं, जो आंगन में खेलते रहते हैं। लोगों की पशुशालाएं भी घरों से दूर हैं, इसलिए शाम-सवेरे घास लाने और पशुओं की देखभाल करने के लिए घरों से दूर जाना पड़ता है। ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में भय का महौल है।
दूसरे गांवों में भी देखा गया तेंदुआ
गौर हो कि भपराल और साथ लगते अन्य गांव में काफी समय से तेंदुए की चहलकदमी देखी जा चुकी है। कई बार रात को तेंदुए के गुर्राने की आवाज सुनाई देती हैं। लोग बच्चों को अकेले घरों से बाहर भेजने से डरते हैं। संबंधित विभाग की ओर से भी जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। अब लोगों ने विभाग से मांग की है कि रिहायशी कस्बे में बढ़ रही तेंदुए की चहलकदमी से निजात दिलाई जाए, ताकि कोई जानी नुकसान न हो सके। इस संदर्भ में वन विभाग भराड़ी के रेंज अधिकारी मदन लाल ने कहा कि तेंदुए को ट्रैप करने के लिए भपराल की नजदीकी पंचायत मरहाणा में कैमरा लगाया गया है, जबकि तड़ौन में एक पिंजरा लगाया गया है। अब सूचना भपराल में तेंदुआ होने की मिली है तो वहां पर भी पिंजरा लगाया जाएगा।