- विद्यार्थियों ने रैली निकाल कर किया शत-प्रतिशत मतदान के लिए जागरूक
- बड़गांव बाजार में निकाली रैली, शपथ भी ली
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शुक्रवार को निर्वाचन आयोग के स्वीप कार्यक्रम के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़गांव के विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली। इसमें स्टाफ, स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया।
रैली में विद्यार्थियों ने नारे लगाते हुए बड़गांव बाजार और गांव में रैली निकाली। इस दौरान विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों ने मताधिकार का उपयोग करने और मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। रैली में विद्यार्थियों ने अगर देश चलाना होगा तो अच्छा नेता लाना होगा, वोट करने जाना है अपना फर्ज निभाना है और सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो नारे लगाए। प्रधानाचार्य होशियार सिंह जैसलमेर ने बताया कि इस जागरुकता रैली का आयोजन कर लोगों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए जागरूक किया गया। राष्ट्र निर्माण के लिए इस महायज्ञ में अपने वोट की आहुति सभी को देनी चाहिए। राष्ट्र आगे बढ़े संस्कृति, संस्कार आगे बढ़े विकास और विरासत दोनों साथ चले यह समाज को संदेश दिया गया। बताया मतदान हमारा प्रथम कर्तव्य जिम्मेदारी और अधिकार है। सभी मतदाताओं को सही प्रत्याशी को चुनने के इस लोकतंत्र के महापर्व का उत्सव धूमधाम से मनाएं। हमारा वोट बहुमूल्य है, उसका सही उपयोग करें। इस मौके पर पाठशाला से अंजना ठाकुर, राजकुमार, सुनीता कुमारी, राजीव, संदीप आदि उपस्थित रहे।