- न्यायाधीश विवेक ठाकुर ने पैतृक गांव लंजता में किया मत का प्रयोग
- कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने चुवाड़ी में किया मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में मंत्री, पूर्व मंत्री, वर्तमान और पूर्व विधायकों ने कतारों में खड़े हो अपने-अपने बूथों पर परिवार सहित वोट डाला। प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विवेक ठाकुर ने भी अपने पैतृक गांव लंजता में परिवार सहित कतार में खड़े होकर अपने मत का प्रयोग किया।
घुमारवीं के विधायक एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी अपने पैतृक गांव के मतदान केंद्र चुवाड़ी में परिवार सहित मतदान करने पहुंचे। उन्होंने लंबी कतार में खड़े होकर अपनी बार का इंतजार कर मत का प्रयोग किया। पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने घुमारवीं शहर के बूथ नंबर-84 पर वोट डालने पहुंचे। उन्होंने ने भी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने झंडूता के बूथ नंबर-66 पर परिवार सहित कतार में खड़े होकर अपने मत का प्रयोग किया। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं कांग्रेस के उम्मीदवार रहे विवेक कुमार ने पत्नी के साथ मल्होट में वोट डाला। पूर्व मंत्री रिखी राम कौंडल के बेटे एवं निर्दलीय प्रत्याशी रहे राजकुमार कौडल ने धराण बूथ पर मत का प्रयोग किया। सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल ने पत्नी सहित शहर के रौडा सेक्टर-2 में मतदान किया। सदर से पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने रौड़ा सेक्टर-3 में परिवार सहित मतदान किया। श्री नयनादेवी जी विधानसभा के विधायक रणधीर शर्मा ने पत्नी और बेटे सहित बस्सी में वोट डाला। पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने पैतृक गांव घ्याल में अपना वोट डाला।