-अधिवक्ता बोले, विधानसभा में की गई टिप्पणी पर माफी मांगे विधायक
संवाद न्यूज एजेंसी भगेड़ (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में हुई बहस के दौरान विधायक भवानी सिंह पठानिया द्वारा वकील समुदाय पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर अधिवक्ता वर्ग में भारी आक्रोश है। घुमारवीं कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता लेख राम नड्डा ने विधायक की टिप्पणियों को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए उसकी कड़ी निंदा की है।
लेख राम नड्डा ने कहा कि विधायक ने वकीलों पर चिट्टा तस्करों को बचाने का आरोप लगाया और समाज से ऐसे वकीलों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि वकीलों की जांच होनी चाहिए कि उन्हें फीस कहां से और किससे मिली। अधिवक्ता नड्डा ने कहा कि विधायक की यह टिप्पणी न केवल भ्रामक है, बल्कि भारतीय कानून और संविधान में दिए गए मूलभूत अधिकारों के खिलाफ भी है। भारत का संविधान हर नागरिक को दोषी साबित होने तक निर्दोष मानता है। गुनहगार होने या न होने का निर्णय अदालत करती है, न कि कोई विधायक। इस तरह की टिप्पणियां देशभर के लाखों वकीलों की प्रतिष्ठा पर सीधा प्रहार हैं। वकील समुदाय ने विधायक से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है। नड्डा ने कहा कि अगर विधायक भवानी सिंह पठानिया अपनी बातों पर अडिग हैं, तो उन्हें विधानसभा के बाहर भी अपने बयान को दोहराएं और इसके परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।