बम पंचायत में सोमवार को लैंडी खड्ड का जलस्तर बढ़ने से बम-जाहू मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावि
तेज बहाव के चलते सड़क के दोनों ओर लगी वाहनों की कतार, घरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान और सुरक्षा इंतजाम की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बम्म(बिलासपुर)। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की बम पंचायत में सोमवार को लैंडी खड्ड का जलस्तर बढ़ने से बम्म-जाहू मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। बारिश के बाद खड्ड में पानी का बहाव अचानक तेज हो गया। पानी का बहाव अधिक होने के कारण वाहन चालकों को खड्ड पार करने में परेशानी हुई और मार्ग पर कुछ समय के लिए आवाजाही बाधित रही। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लैंडी खड्ड में पानी बढ़ने की सूचना मिलते ही मार्ग से गुजर रहे वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी।
खड्ड के तेज बहाव के कारण छोटे वाहनों के चालकों में भी दुर्घटना का डर बना रहा। कई वाहन चालक पानी का बहाव कम होने का इंतजार करते नजर आए। इससे मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ गया और लोगों को काफी समय तक परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बम से जाहू को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग है और क्षेत्र के लोगों के लिए रोजमर्रा की आवाजाही का महत्वपूर्ण साधन है। बरसात के मौसम में लैंडी खड्ड का जलस्तर बढ़ने के कारण यहां अक्सर यातायात प्रभावित होता है। खड्ड में पानी का बहाव बढ़ने पर लोगों को अपने वाहन निकालने में जोखिम उठाना पड़ता है। मार्ग पर यातायात रुकने से नौकरी, कारोबार और अन्य जरूरी काम से आने-जाने वाले लोगों को भी दिक्कत होती है।लोगों के अनुसार लैंडी खड्ड के आसपास कई घर भी बने हुए हैं। बारिश के दौरान खड्ड का बहाव बढ़ने से इन घरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। यदि तेज बारिश के बीच पानी का बहाव और बढ़ता है तो आसपास रहने वाले लोगों के लिए खतरा पैदा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बरसात के दौरान खड्ड पर विशेष निगरानी रखने की मांग की है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। स्थानीय लोगों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि बम-जाहू मार्ग पर लैंडी खड्ड की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। खड्ड के कारण बार-बार प्रभावित होने वाली आवाजाही को देखते हुए उचित सुरक्षा इंतजाम किए जाएं और ऐसा प्रबंध किया जाए, जिससे बरसात के दौरान लोगों को परेशानी न उठानी पड़े। लोगों का कहना है कि अस्थायी व्यवस्था के बजाय भविष्य में जलभराव और तेज बहाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थायी समाधान जरूरी है।
बम पंचायत में सोमवार को लैंडी खड्ड का जलस्तर बढ़ने से बम-जाहू मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावि