परनाल को बम्म से जोड़ने वाले पुल पर जमा पानी। संवाद
बारिश होते ही पुल पर जमा हो जाता है पानी, लोगों ने काम की गुणवत्ता की जांच की उठाई मांग
राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बम्म (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के तहत परनाल गांव से बम को जोड़ने वाले बम्म पुल पर बारिश के पानी की निकासी की समस्या का लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। बारिश होते ही आसपास की सड़कों और क्षेत्र का पानी पुल पर आकर जमा हो जाता है। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ रही है। पुल पर भारी मात्रा में पानी जमा होने से इसके क्षतिग्रस्त होने का खतरा भी बना रहता है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व सरकार के कार्यकाल में लोक निर्माण विभाग की घुमारवीं इकाई की ओर से पुल पर बारिश का पानी जमा होने की समस्या के समाधान के लिए लाखों रुपये का टेंडर किया गया था। संबंधित ठेकेदार ने पुल पर पानी की समस्या दूर करने के साथ कुछ क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का काम भी किया। लोगों का कहना है कि काम पूरा होने के बाद विभाग की ओर से ठेकेदार को भुगतान भी कर दिया गया, लेकिन जलभराव की समस्या आज भी बनी हुई है। बारिश के दौरान आसपास की सड़कों और इलाके का पानी बहकर पुल पर पहुंच जाता है। पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण पुल पर काफी मात्रा में पानी जमा हो जाता है। पैदल राहगीरों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जबकि वाहन चालकों को भी पुल पार करने में परेशानी होती है। जिस समस्या के समाधान के लिए लाखों रुपये खर्च किए गए, उसके बावजूद हालात में सुधार नहीं हुआ। ऐसे में काम की गुणवत्ता और पानी की निकासी के लिए किए गए इंतजामों की जांच की जानी चाहिए। लोगों ने लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाकर पुल पर पानी जमा होने के कारणों की जांच करवाई जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े। सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग भराड़ी पंकज चंदेल ने कहा कि अब मामला ध्यान में आया है तो संबंधित ठेकेदार से जवाब तलब किया जाएगा।