बढ़ते वाहनों के दबाव से लगता है जाम, हादसों का खतरा
दशकों पुरानी मांग आज भी अधूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता(बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के उपमंडल मुख्यालय झंडूता में बस स्टैंड की सुविधा न होने से वाहन चालकों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में दिन-प्रतिदिन वाहनों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन वाहनों को खड़ा करने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं होने से सड़क किनारे वाहन आड़े-तिरछे खड़े रहते हैं। इससे जहां जाम जैसी स्थिति बन जाती है, वहीं सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना रहता है।
झंडूता क्षेत्र का केंद्र बिंदु माना जाता है और यहां उपमंडलाधिकारी नागरिक कार्यालय, लोक निर्माण विभाग व जल शक्ति विभाग के मंडलीय कार्यालय, सिविल कोर्ट, विकास खंड कार्यालय, तहसील कल्याण कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पुलिस थाना, राजकीय महाविद्यालय, सैनिक कैंटीन, वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय, गैस एजेंसी, अग्निशमन उपकेंद्र, कोषागार कार्यालय तथा विभिन्न बैंकों सहित अनेक सरकारी और निजी संस्थान स्थापित हैं। इसके बावजूद यहां आज तक बस स्टैंड जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। झंडूता में सरकारी और निजी बसों के अलावा रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन पहुंचते हैं। व्यापारिक गतिविधियों के बढ़ने से भी यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। स्थायी पार्किंग स्थल और बस स्टैंड न होने के कारण लोगों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।
आने वाले समय में बरठीं से झंडूता मुख्यालय को आनंदघाट के माध्यम से जोड़ने वाले री-रडोह-अमरोआ मार्ग तथा झंडूता से कोटधार को सीधे जोड़ने वाले नंद नगराओं पुल पर यातायात शुरू होने से वाहनों की आवाजाही और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में झंडूता में बस स्टैंड की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक महसूस की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार बस स्टैंड निर्माण की मांग पिछले कई दशकों से उठाई जा रही है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बताया जाता है कि विधायक जेआर कटवाल ने अपने पहले कार्यकाल में बस स्टैंड निर्माण के लिए करीब 30 लाख रुपये का प्रावधान भी किया था। उस दौरान लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग ने जमीन तलाशने की प्रक्रिया भी शुरू की थी, लेकिन बाद में सत्ता परिवर्तन के बाद यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
कोट
पर्याप्त जमीन की तलाश जारी : एसडीएम
उपमंडलाधिकारी नागरिक झंडूता अर्शिया शर्मा ने बताया कि झंडूता में बस स्टैंड निर्माण के लिए पर्याप्त जमीन की तलाश की जा रही है। प्रशासन इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।