- संस्कृत महाविद्यालय पंजगाईं में गीता जयंती पर हुआ कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला भाषा एवं संस्कृति विभाग ने गीता जयंती के उपलक्ष्य पर श्री रामानुज संस्कृत महाविद्यालय पंजगाईं में कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम दो सत्रों में हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गुरु नानक विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त साहित्य शिरोमणि डॉक्टर लेखराम शर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्राचार्य श्यामलाल शर्मा ने आए हुए अतिथियों और जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी का कार्यक्रम को महाविद्यालय में आयोजित करवाने के लिए आभार व्यक्त किया। प्रथम सत्र में श्लोकोच्चारण और भाषण प्रतियोगिताएं कराई गईं। श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में श्री सरस्वती संस्कृत महाविद्यालय डंगार की कुसुम कालिया ने पहला, श्री रामानुज संस्कृत महाविद्यालय पंजगाईं की मेहंदी शर्मा ने दूसरा, श्री सरस्वती संस्कृत महाविद्यालय डंगार की पूनम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। योग रूकर्मसु कौशलम विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में श्री रामानुज संस्कृत महाविद्यालय पंजगाईं की शिवाली ने पहला, श्री सरस्वती संस्कृत महाविद्यालय डंगार की पलक भारती ने दूसरा और श्री रामानुज संस्कृत महाविद्यालय पंजगाईं की वंशिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। द्वितीय सत्र में डॉक्टर लेख राम शर्मा ने शोध पत्र प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि डॉक्टर लेख राम शर्मा ने गीता के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर श्री सरस्वती संस्कृत महाविद्यालय डंगार के आचार्य डॉ. रोशन लाल शर्मा, श्री रामानुज महाविद्यालय के प्राचार्य श्यामलाल शर्मा, स्टाफ सदस्य और अन्य उपस्थित रहे। जिला भाषा अधिकारी ने इस कार्यक्रम में सहयोग देने के लिए स्थानीय महाविद्यालय के प्राचार्य श्यामलाल शर्मा, स्वामी राम मोहन दास और आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया।