फोरलेन बलोह टोल प्लाजा पर नाकाबंदी के दौरान हुई कार्रवाई
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर बलोह टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी के दौरान घुमारवीं पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में चरस बरामद करते हुए एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4.053 किलोग्राम चरस बरामद की है। चरस के साथ पकड़े दंपती को पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात घुमारवीं थाना पुलिस की टीम ने बलोह टोल प्लाजा के पास नियमित नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान फोरलेन से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी क्रम में मंडी की ओर से आ रही एक कार को जांच के लिए रोका गया। संदेह होने के चलते पुलिस ने गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में रखे गए एक भूरे रंग के बैग से 4.053 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने कार में सवार दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान टेक सिंह निवासी गांव रोपा, डाकघर मंगलौर तहसील बंजार जिला कुल्लू के रूप में हुई। घुमारवीं पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना घुमारवीं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।