- शिवालिक पब्लिक स्कूल में मनाया विश्व तंबाकू निषेध दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। शिवालिक पब्लिक स्कूल जुखाला में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने तंबाकू या उससे बने उत्पादों से दूर रहने की शपथ ली। चार्ट मेकिंग प्रतियोगिता भी कराई गई।
प्रतियोगिता में कोमल ने पहला, आरती ने दूसरा और भव्या ने तीसरा स्थान हासिल किया। स्वास्थ्य शिक्षक विजय कुमारी ने बताया कि इस साल की थीम बच्चों को तंबाकू उद्योग के हस्तक्षेप से बचाना है। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को तंबाकू या इसके उत्पादों से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी प्रदान करना और लोगों को या समाज को नशा मुक्त करना है। तंबाकू में 4000 से ज्यादा जहरीले तत्व पाए जाते हैं, जोकि व्यक्ति के स्वास्थ्य को सिर से लेकर पांव तक प्रभावित करते हैं। भारत सरकार ने 2003 में तंबाकू एवं इससे बने उत्पादों के लिए कोटपा एक्ट पास किया है। इसके तहत शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में कोई तंबाकू या इसके उत्पादों को नहीं बेच सकता। 18 साल से कम आयु वाले बच्चों को तंबाकू नहीं बेच सकते। सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू, धूम्रपान करना या तंबाकू उत्पादित उत्पादों का सेवन करना वर्जित है। इस अवसर पर हेल्थ सुपरवाइजर संजीव कुमार धीमान, आशा वर्कर नीलम, पूनम, किरण, मीना, वीना सहित अन्य उपस्थित रहे।