डायग्नोस्टिक अचीवमेंट सर्वे के लिए हुई परीक्षा
तीसरी, छठी, नौवीं के छात्रों ने परीक्षा में लिया भाग
गणित, अंग्रेजी, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान के पूछे प्रश्न
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले के नौ पीएम श्री स्कूलों में मंगलवार को डायग्नोस्टिक अचीवमेंट सर्वे (डीएएस) के तहत परीक्षा करवाई गई। जिले के करीब 690 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
इस परीक्षा से तीसरी, छठी और नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों के गणित, अंग्रेजी, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के ज्ञान को परखा गया। परीक्षा पीएम श्री बाल पाठशाला घुमारवीं, पीएम श्री स्कूल तलाई, पीएम श्री स्कूल भराड़ी, पीएम श्री बाल पाठशाला बिलासपुर, पीएम श्री स्कूल कोसरियां, पीएम श्री स्कूल तरसूह, पीएम श्री स्कूल बरमाणा, पीएम श्री प्राथमिक पाठशाला घुमारवीं और पीएम श्री प्राथमिक पाठशाला तलाई में आयोजित की गई।
तीसरी के 85, छठी के 235 और नौवीं के 300 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा सुबह 11 बजे से शुरू हुई। तीसरी के विद्यार्थियों की परीक्षा का समय 60 मिनट, छठी कक्षा का 90 मिनट और नौवीं कक्षा का 120 मिनट निर्धारित किया गया।
परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों (एमसीक्यू) से ओएमआर शीट पर करवाई गई। इसमें सिर्फ तीसरी के बच्चों को छूट दी गई थी, जिन्होंने प्रश्न पत्र पर सिर्फ टिक मार्क किया। स्कूल में तैनात फील्ड इन्वेस्टिगेटर ने बच्चों की ओएमआर शीट भरी। तीसरी के विद्यार्थियों से अंग्रेजी और गणित के 30 प्रश्न पूछे गए। छठी कक्षा के विद्यार्थियों से अंग्रेजी, गणित और पर्यावरण अध्ययन के 45 प्रश्न पूछे गए। नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों से अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के 60 प्रश्न पूछे गए।
इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को परखना था। परीक्षा समग्र शिक्षा और उपनिदेशक शिक्षा गुणवत्ता की देखरेख में करवाई गई। अब डाइट जुखाला इन सीटों को शिमला में स्टेट कोऑर्डिनेटर के पास जमा कराएगा।