-एनटीपीसी कोलडैम में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एनटीपीसी कोलडैम में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2023 का मंगलवार को समापन हो गया। इस साल इसकी थीम भ्रष्टाचार का विरोध करें, राष्ट्र के प्रति समर्पित रहें थी। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता भी कराई गई।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में कामना ने पहला, शगुन ठाकुर ने दूसरा और पूजा ने तीसरा स्थान हासिल किया। चित्रकला प्रतियोगिता में शिल्पा ठाकुर ने पहला, किरण ने दूसरा और अनुज ने तीसरा स्थान हासिल किया। समारोह के समापन पर महाप्रबंधक लव टंडन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस सप्ताह में प्रतिदिन अलग-अलग माध्यमों से लोगों के बीच विभिन्न विषयों पर जागरूकता फैलाने का कार्य किया गया। इसके बाद 30 अक्तूबर को सभी कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार को दूर करने की शपथ ली। मुख्य अतिथि ने सभी से अपील की कि सभी अपने-अपने कार्यों में हमेशा सतर्कता बरतें और समृद्ध भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। इस अवसर पर सुरजीत सिंह, एनटीपी कोलडैम में कार्यरत कर्मचारी, उनके परिवारजन और अन्य उपस्थित रहे।