संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जोल-डोमेहर सड़क मार्ग पर आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते इसे आगामी 22 सितंबर तक यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
लोक निर्माण विभाग घुमारवीं मंडल के तहत आने वाले इस सड़क मार्ग पर मरम्मत कार्य किया जाना है। इसके चलते मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। प्रशासन ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। आदेश के अनुसार जोल की ओर से आने वाले वाहन बरोटा-लदरौर सड़क मार्ग से होकर जाएंगे, जबकि डोमेहर की तरफ से आने वाले वाहन रोहल खड्ड-घंडालवीं सड़क मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।
मरम्मत कार्य के दौरान सड़क मार्ग पर एम्बुलेंस, स्कूल बसों, वीआईपी वाहनों और अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों की आवाजाही की अनुमति रहेगी। अन्य सभी वाहनों के लिए 22 सितंबर तक मार्ग बंद रहेगा।