जिले के 2419 विद्यार्थी देंगे परीक्षा, एडमिट कार्ड किए जारी
परीक्षा के लिए बनाए गए 12 केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय कोठीपुरा में कक्षा छठी में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश परीक्षा 13 दिसंबर को होगी। जिले के 2419 विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया है।
इस प्रवेश परीक्षा के लिए 12 केंद्र बनाए गए है, जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र पाठशाला घुमारवीं, कन्या पाठशाला घुमारवीं, भराड़ी, कुठेड़ा, झंडूता, बरठीं, कलोल, छात्र पाठशाला बिलासपुर, कन्या पाठशाला बिलासपुर, जुखाला, श्री नयना देवी जी और जकातखाना स्कूल शामिल हैं। परीक्षा सुबह 11:30 से दोपहर 1:30 बजे तक होगी। प्राचार्य राकेश कटोच ने बताया कि परीक्षा से संबंधित तैयारियां चल रही हैं। सभी विद्यार्थी अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे तक अनिवार्य रूप से पहुंच जाएं। परीक्षा के लिए विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र भी जारी कर दिए गए हैं। सभी अपना प्रवेश पत्र साथ लेकर आएं अन्यथा उन्हें केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। विद्यार्थियों को केवल एडमिट कार्ड में दिए गए परीक्षा केंद्र पर ही परीक्षा देने की अनुमति होगी। विद्यार्थी अपना प्रवेश पत्र नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते है। यदि किसी विद्यार्थी को अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में समस्या आ रही है तो वह स्कूल के हेल्प डेस्क नंबर पर सुबह 10 से दोपहर 1 बजे के बीच में या अपने संबंधित प्राथमिक खंड शिक्षा अधिकारी से भी संपर्क कर सकते हैं।