जिला परिषद बिलासपुर की बैठक अध्यक्ष अमरजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिला परिषद के सभागार में हुई इस बैठक में सदर विधायक बंबर ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित हुए।
बैठक में जिला परिषद सदस्यों से प्राप्त विभिन्न मुद्दों पर सहित अन्य कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बिजली, पेयजल, सड़क और कम वोल्टेज की समस्याओं को जिप सदस्यों ने अधिकारियों के समक्ष रखा। वहीं, सोलर लाइटों के वितरण का मुद्दा भी जिला परिषद सदन में रखा गया।
बैठक में जिला परिषद सदस्य सावित्री गौतम ने धार-टटोह वार्ड के साथ-साथ अन्य सभी वार्ड क्षेत्रों के लिए जवाहर लाल नेहरू सोलर मिशन के तहत दी गई सोलर लाइटों के वितरण से संबंधित मुद्दा उठाया।
इस पर परियोजना अधिकारी हिम ऊर्जा ने बताया कि 13वें वित्त आयोग के अंतर्गत जिला परिषद सदस्य, बीडीसी सदस्य और पंचायत प्रतिनिधियों की मांग पर बजट के अनुसार सोलर लाइटें खरीदी गई थी।
इसमें वर्ष 2012-13 में जिला परिषद वार्ड पट्टा की मांग पर उनके वार्ड को 78 सोलर लाईंटे प्राप्त हुई थी जबकि वर्ष 2013-14 में जिला के सभी वार्डों के लिए 300 लाइटें स्वीकृृत हुई थी। इसके अतिरिक्त जिला परिषद सदस्य बैहल वार्ड की मांग पर वर्ष 2014-15 में 107 सोलर लाइटें स्वीकृृत हुई हैं।
इसमें 88 सोलर लाइटें वितरित की जा चुकी है। बैठक में जिला परिषद सदस्यों ने जिला के विभिन्न स्थानों के लिए मुद्रिका बसें चलाने, पटेर से भलस्वाय तल्याणा और बिलासपुर से कसोल तक बस चलाने के लिए परमिट देने की मांग की। जबकि पंचायत समिति अध्यक्ष घुमारवीं दिनेश शर्मा ने हाल ही में घुमारवीं से बद्दी को चलाई गई बस को लदरोैर से चलाने और सदर पंचायत समिति अध्यक्ष ओपी गौतम ने बिलासपुर-द्रोबड़ बस का रूट बागा तक बढ़ाने की मांग रखी। इस पर जिला परिषद अध्यक्ष और विधायक ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को इन मुद्दों पर मंथन कर सकारात्मक कार्यवाही करने का आग्रह किया।
इसके अतिरिक्त मलराओं गांव की सड़क को पक्का करने और उपरला सुंगल और निचला सुंगल में पेयजल समस्या जबकि पेयजल सरांयघाटी द्रोबड़ योजना के कम वोल्टेज के कारण पंप हाउस के सही कार्य न करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई ।
बजट में कटौती का मुद्दा भी उठा
बैठक में 14वें वित्त आयोग में जिला परिषदों और पंचायत समितियों के बजट में कटौती का मुद्दा भी उठाया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया।
यह रहे बैठक में मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डा. चांद प्रकाश शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी सतीश अग्रवाल, उपाध्यक्ष जिला परिषद अमी चंद सोनी और सभी जिला परिषद सदस्य, सदर, झंडूता और घुमारवीं पंचायत समितियों के अध्यक्षों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
डांगी को दी गई श्रद्धांजलि
बैठक में तरसूह वार्ड के जिला परिषद सदस्य छोटू राम डांगी की मृत्यु पर दुख जताया गया। बैठक शुरू होने से पहले सभी सदस्यों और अधिकारियों ने दिवंगत को श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।