फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: झंडूता की सुन्हाणी डून वाया डुहक-मनन-कोटलू सड़क दे रही हादसों काे न्योता

Sun, 01 Mar 2026 11:20 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
झंडूता की सुन्हाणी डून वाया डुहक–मनन–कोटलू सड़क पर गिरा डंगा। संवाद
विज्ञापन
बदहाल सड़कें भाग 3
विज्ञापन



करोड़ों से बनी पीएमजीएसवाई सड़क पर अब सफर हुआ जोखिम भरा
चार किलोमीटर का सफर, हर मोड़ पर खतरा, 12 से ज्यादा डंगे गिरे


सुभाष कपिल
झंडूता (बिलासपुर)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित झंडूता विधानसभा क्षेत्र के उपमंडल की सुन्हाणी डून वाया डुहक-मनन-कोटलू सड़क इन दिनों वाहन चालकों और ग्रामीणों के लिए भारी परेशानी का कारण बनी हुई है। करीब चार किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग पर लगभग एक दर्जन स्थानों पर डंगे गिर चुके हैं, जबकि कई जगहों पर पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर जमा है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरना किसी खतरे से खाली नहीं है।
बरसात के दिनों में हालात और भी विकट हो गए हैं। कई स्थानों पर सड़क इतनी संकरी और क्षतिग्रस्त हो चुकी है कि छोटे वाहन जैसे जीप, कार और दोपहिया वाहन भी बड़ी मुश्किल से निकल पा रहे हैं। बड़े वाहनों के लिए तो यह मार्ग और भी चुनौतीपूर्ण बन गया है। यदि एक ही समय में दोनों ओर से वाहन आ जाएं तो पास देना बेहद कठिन हो जाता है। कई जगह सड़क किनारे डंगे गिर जाने से गहरी खाई का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जरा सी चूक किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। झंडूता से निहारी, भराड़ी, लदरौर और हमीरपुर की ओर जाने वाले अधिकतर लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। सुन्हाणी–बरठीं मार्ग की तुलना में यह सड़क लगभग चार किलोमीटर दूरी कम कर देती है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होती है। इसी कारण इस सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में निजी और व्यावसायिक वाहन गुजरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण संपर्क कड़ी है, लेकिन इसकी वर्तमान स्थिति लोगों की चिंता बढ़ा रही है।
विज्ञापन

दीप राम, राकेश, बुद्धि राम, शकुंतला, रामदेई, मथुरा, शिवदेई, रामप्रकाश, संतराम, भीमसेन आदि ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते डंगे लगाने और सड़क से मलवा हटाने का कार्य तुरंत शुरू किया जाए। उनका कहना है कि यह सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसकी अनदेखी लोगों की जान के साथ खिलवाड़ के समान है। संवाद
इनसेट
विभाग की अनदेखी से बढ़ी नाराजगी
स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पिछले दो-तीन वर्षों से डंगे गिरे हुए हैं, लेकिन विभाग ने न तो स्थायी मरम्मत का कार्य शुरू किया और न ही समय रहते मलवा हटाने की पहल की। ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र सरकार की ओर से करोड़ों रुपये खर्च कर सड़क का निर्माण किया गया था, लेकिन रखरखाव के अभाव में सड़क की हालत दयनीय हो गई है। इससे लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने के बजाय परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

कोट
50 लाख की लागत से होगा मरम्मत कार्य
लोक निर्माण विभाग सब-डिविजन बरठीं के सहायक अभियंता सचिन नड्डा ने बताया कि गिरे हुए डंगों को लगाने के लिए करीब 50 लाख रुपये की अनुमानित लागत का प्रस्ताव तैयार किया गया है। हालांकि, फिलहाल विभाग के पास पर्याप्त बजट नहीं है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। कहा कि जहां-जहां सड़क पर मलवा गिरा है, उसे शीघ्र हटाने के निर्देश दिए जाएंगे ताकि यातायात सुचारू हो सके।

झंडूता की सुन्हाणी डून वाया डुहक–मनन–कोटलू सड़क पर गिरा डंगा। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें