- विस क्षेत्र में 15 दिन तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी जन्म दिवस की बधाई, दीर्घायु के लिए की प्रार्थना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में झंडूता विधानसभा क्षेत्र में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम मंगलवार से शुरू हो गया। 15 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत विधायक जीतराम कटवाल ने झंडूता अस्पताल से की। अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों का कुशलक्षेम जानने और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करने के साथ ही उन्होंने उन्हें फल भी वितरित किए।
वहीं, सेवा पखवाड़े के तहत झंडूता मंडल भाजपा की ओर से बरठीं, गेहड़वीं, तलाई व कलोल अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्म दिवस की बधाई देते हुए उनकी दीर्घायु के लिए प्रार्थना की गई। कटवाल ने कहा कि आज का दिन कई मायनों में खास है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन होने के साथ मंगलवार को ही भगवान विश्वकर्मा जयंती भी है। इसके अलावा मोदी सरकार-3 के 100 दिन भी पूरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में देश आर्थिक, सामाजिक व राजनीतिक दृष्टि से आत्मनिर्भर व विकसित राष्ट्र बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उनके तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से बौखलाए विपक्षी दलों के नेताओं ने पिछले 100 दिनों में केवल उन्हें कोसने, उनकी बुराई करने का ही काम किया है, लेकिन इसकी परवाह किए बगैर नरेंद्र मोदी भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प पूरा करने के लिए जी-जान से जुटे हुए हैं। देश का चहुंमुखी विकास करवाने के साथ उन्होंने गरीबों के मसीहा के रूप में भी अपनी अलग पहचान बनाई है।
गरीबों के कल्याण के लिए वह एक के बाद एक कई कारगर योजनाएं बनाकर उन्हें अमलीजामा पहना रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने हिमाचल के आवासहीन परिवारों का अपने आशियाने का सपना साकार करने के लिए 92,364 आवास स्वीकृत करके उन्हें बेहतरीन तोहफा दिया है। झंडूता अस्पताल में मरीजों से मुलाकात के दौरान जीतराम कटवाल ने स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा भी लिया। इस दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इससे पहले गत सोमवार शाम उन्होंने घराण पंचायत के पीरथन में दंगल के समापन पर विजेता पहलवानों को भी पुरस्कृत किया।