- झंडूता के विधायक बोले-देश को आजाद कराने के लिए करना पड़ा था लंबा संघर्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता विधानसभा क्षेत्र में हर घर तिरंगा अभियान के तहत जोन स्तर पर तिरंगा यात्रा के आयोजन के अंतिम चरण में झंडूता जोन में रैली निकाली गई। झंडूता बाजार से टिक्करी होते हुए मंडल भाजपा कार्यालय तक निकाली गई तिरंगा यात्रा की अगुवाई झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने की। हाथों में तिरंगा उठाए उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ तीन किलोमीटर की पैदल यात्रा की। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय ‘तिरंगा ऊंचा रहे हमारा’ जैसे उद्घोषों से गूंज उठा।
जीतराम कटवाल ने कहा कि देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त करवाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा। लाखों वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी की इस लड़ाई में अहम भूमिका निभाई। मातृभूमि को आजाद करवाने के लिए अपने जीवन की परवाह किए बगैर उन्होंने हंसते-हंसते अपने प्राणों का बलिदान तक दे दिया। उनके चट्टान की तरह मजबूत इरादों और बुलंद हौसलों ने अंग्रेजों को देश छोड़ने पर मजबूर कर दिया। देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले रणबांकुरों का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता। तिरंगा देश के राष्ट्रीय गौरव, साहस, शौर्य और अभिमान का एक ऐसा प्रतीक है, जिसे देखकर हर भारतीय का हृदय देशभक्ति के भाव से भर जाता है। यह नई पीढ़ी को आजादी के संघर्ष से अवगत करवाकर उन्हें देश के साथ जोड़ने का अवसर प्रदान करने तथा उनमें देशप्रेम की भावना विकसित करने के साथ ही जन-जन में राष्ट्र प्रेम का भाव भी पैदा करता है। कहा कि आजादी के इस पर्व में हर देशवासी की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भाजपा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कई तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रही है। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सभी लोगों को 15 अगस्त को अपने घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित करें।