फोरलेन किनारे लावारिस खड़ी थी जीप
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। पुलिस थाना भराड़ी के तहत दधोल चौक से रात को चोरी हुई पिकअप जीप को पुलिस ने बरामद कर लिया है। वारदात के 12 दिन बाद पिकअप जीप मंडी के चक्कर में लावारिस हाल में खड़ी हुई मिली।
बता दें कि 15 अगस्त को रात के समय दधोल चौक से पिकअप जीप चोरी हुई थी। जीप मालिक विनोद कुमार ने पुलिस को बताया था कि वह दधोल चौक पर फर्नीचर का काम करता है। उस रात वह जीप को दुकान के बाहर खड़ी करके अपने कमरे में चला गया था। दूसरे दिन जब देखा तो जीप गायब थी। जीप मालिक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। जीप चोरी होने के संदर्भ में पुलिस सीसीटीवी कैमरों, मोबाइल टावर व अन्य आधुनिक तरीकों पर कार्य कर रही थी। इसी दौरान पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी हुई जीप मंडी जिला के चक्कर में फोरलेन किनारे खड़ी है। जीप से तीन टायर व बैटरी आदि गायब हैं। चोरी की इस घटना में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं पुलिस जल्द ही चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोरों को पकड़ लेने का दावा कर रही है।
भराड़ी पुलिस टीम मौके पर पहुंची व जीप को कब्जे में लेकर भराड़ी थाना ले आई। भराड़ी थाना प्रभारी देवानंद ने बताया कि दधोल से चोरी हुई जीप मंडी जिला के चक्कर क्षेत्र में मिली है। मामले की जांच जारी है।