वीरवार सुबह गरामोड़ के पास लगा जाम। संवाद
ट्रक चालक बोले-नए रेट की काटी जा रही एंट्री फीस
स्वारघाट बैरियर पर पुलिस ने जाम कराया बहाल, जाम में एंबुलेंस भी फंसी रही
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश और पंजाब की सीमा पर स्थित स्वारघाट बैरियर पर टैक्स रेट को लेकर विवाद लगातार जारी है। ट्रक चालकों का आरोप है कि टैक्स की पर्ची मनमाने रेट पर काटी जा रही है, जबकि बैरियर प्रशासन का कहना है कि वे केवल सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ही कार्य कर रहे हैं। इसी कारण वीरवार सुबह ट्रक ऑपरेटरों ने बैरियर पर रोष जताया। इस वजह से जाम की स्थिति बन गई, जिसे बाद में पुलिस ने बहाल कराया।
ट्रक चालकों का कहना है कि पिछले दिन हुई वार्ता में तय हुआ था कि पर्ची पुराने रेट पर ही काटी जाएगी लेकिन अब पर्ची अधिक रेट पर काटी जा रही है। यदि कोई ड्राइवर विरोध करता है तो उससे पिछला रेट वसूला जा रहा है। कुछ ट्रक चालकों ने अपनी पर्ची दिखाते हुए इसे सरासर मनमानी करार दिया। कीरतपुर-मनाली फोरलेन ट्रक पर्ची विवाद के चलते वीरवार सुबह ट्रैफिक का दबाव अचानक बढ़ गया। गरामोड़ एंट्री टैक्स से लेकर टोल प्लाजा तक लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम में एंबुलेंस भी फंसी नजर आई। सूचना मिलते ही स्वारघाट पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को नियंत्रित करते हुए जाम को खुलवाया। जाम के कारण कुल्लू और मनाली की ओर जाने वाले पर्यटक भी प्रभावित हुए। लोगों ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि यात्री और व्यापारी परेशान न हों। टोल एंट्री टैक्स बैरियर पर कार्यरत प्रतिनिधि ने बताया कि वे केवल सरकार की गाइडलाइन के अनुसार पर्ची काट रहे हैं। उनका कहना है कि सभी ट्रक और टैक्सी चालकों के साथ उनका व्यवहार सौहार्दपूर्ण है और किसी प्रकार की मनमानी नहीं की जा रही है।
इनसेट
टोल प्लाजा पर चालक पर हमला, नकदी लूटने का आरोप
कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गरामोड़ टोल प्लाजा पर वीरवार सुबह उस समय हंगामा मच गया जब टोल कर्मचारियों और एक वाहन चालक के बीच विवाद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी बात को लेकर टोल कर्मचारियों ने चालक पर डंडों से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान चालक के सिर पर गंभीर चोट लगी और लहूलुहान हो गया। आरोप है कि चालक की गाड़ी से नकदी भी उठा ली गई है। घटना के बाद टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों व अन्य लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही है।