ग्राउंड रिपोर्ट
गांधी चौक से मेला ग्राउंड तक दिनभर रेंगते रहे वाहन, आम लोग और दुकानदार हुए परेशान
पुलिस और प्रशासन की अनदेखी से बिगड़ी ट्रैफिक की स्थिति
संजीव शामा
घुमारवीं(बिलासपुर)। राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव से एक दिन पहले ही घुमारवीं शहर की मुख्य सड़क पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। गांधी चौक से लेकर मेला ग्राउंड तक दिनभर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम लोगों, दुकानदारों और वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सुबह 9 बजे से शाम तक लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
ग्रीष्मोत्सव शुरू होने से पहले 4 अप्रैल को घुमारवीं में विशेष तौर पर एक दिन के पशु मेले का आयोजन किया जाता है। पशु मेले के लिए मालवाहक वाहन बड़ी संख्या में पहुंचे लेकिन इस व्यवस्था को संभालने के लिए गांधी चौक से मेला ग्राउंड तक पुलिस की कोई व्यवस्था नहीं दिखी। इसके चलते मेला परिसर की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या में अचानक वृद्धि होने से स्थिति और गंभीर हो गई। तंग सड़क पर दोनों ओर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों ने जाम की समस्या को और बढ़ा दिया। जाम के कारण आम लोग घंटों तक फंसे रहे। कई वाहन चालक अपनी गाड़ियां छोड़कर पैदल चलने को मजबूर हुए। वहीं, स्थानीय दुकानदारों का कहना था कि व्यापार में भारी नुकसान हुआ क्योंकि ग्राहक समय पर दुकान तक नहीं पहुंच सके। लोगों का यह भी कहना है कि यदि मेले से एक दिन पहले ही स्थिति इतनी खराब है, तो आने वाले दिनों में भीड़ बढ़ने के साथ समस्या और विकट हो सकती है।
हैरानी की बात यह रही कि जिस सड़क पर यह पूरी अव्यवस्था बनी, वही मार्ग पुलिस थाना से केवल 50 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद पूरे दिन किसी भी यातायात कर्मी की मौजूदगी नहीं रही। पुलिस थाने के सामने बाहरी व्यापारियों की ओर से सड़क के किनारे दुकानें लगाने से जाम और गंभीर हो गया, लेकिन पुलिस विभाग की ओर से कोई हस्तक्षेप नहीं किया गया। इसी मार्ग पर एसडीएम कार्यालय और तहसील कार्यालय भी स्थित हैं, जहां दिनभर अधिकारियों का आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर भी यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कोई विशेष इंतजाम नहीं किए गए। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रीष्मोत्सव के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस और यातायात कर्मचारियों की तैनाती की जाए, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके। संवाद
कोट
पुलिस प्रशासन की तैयारी
मेले के दौरान गांधी चौक से मेला ग्राउंड तक यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पहले ही तैयारियां कर चुका है। मेले के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे, ताकि लोगों और वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। यातायात की स्थिति पर नजर रखने के लिए विशेष टीम बनाई गई हैं, जो जाम की स्थिति बनने पर तुरंत हस्तक्षेप करेंगी। लोगों से अपील है कि अव्यवस्था से बचने के लिए पुलिस और यातायात कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।
-विशाल वर्मा, डीएसपी, घुमारवीं