गांधी चौक घुमारवीं में सरकारी स्कूल की छात्रा ने हिम्मत कर पीड़ित को बचाया
बाजार में दो दिन में तीसरी बार मारपीट की घटना, लोगों ने की पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं। घुमारवीं शहर के व्यस्त गांधी चौक के पास वीरवार सुबह करीब 8:30 बजे छात्र गुटों में मारपीट हुई। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मामूली कहासुनी के बाद कुछ स्कूली छात्रों ने आईटीआई के एक छात्र पर अचानक हमला कर दिया और उसे बीच बाजार बेरहमी से पीटा। युवक घायल हो गया। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिन में बाजार में छात्रों के बीच यह तीसरी झड़प है, जिससे स्थानीय लोग बेहद चिंतित हैं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावर छात्र युवक पर लगातार वार करते हुए दिख रहे हैं। घटना के समय बाजार में काफी लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी बीच-बचाव को आगे नहीं आया। भीड़ की इस बेरुखी के बीच सरकारी स्कूल की एक छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए घायल छात्र को बचाने की कोशिश की। छात्रा ने हमलावरों को रोकने का प्रयास किया, जिसकी बदौलत स्थिति और गंभीर होने से बच गई। उसकी बहादुरी की प्रशंसा हो रही है। लोगों ने शहर में बढ़ रही हिंसा पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि पिछले कुछ समय से स्कूल और आईटीआई छात्रों के बीच झगड़े और हाथापाई की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
लोगों का आरोप है कि बाजार में पुलिस गश्त की कमी के कारण उपद्रवी छात्र बेखौफ होकर खुलेआम ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कानून-व्यवस्था कमजोर पड़ रही है, जिसके चलते नाबालिग छात्र भी हिंसक गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं। उधर, यह मामला अभी तक पुलिस तक नहीं पहुंचा है। व्यापारियों और आम नागरिकों ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन बाजार में नियमित गश्त बढ़ाए और ऐसे छात्रों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। वहीं, उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें अनुशासन व शांति का महत्व समझाएं।