प्रशासन ने हार पहनाकर और मिठाई खिलाकर महिला खिलाड़ियों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर की महिला बास्केटबाल टीम ने एचपीयू इंटर कॉलेज महिला बास्केटबाल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहली बार प्रथम उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
यह प्रतियोगिता घुमारवीं कॉलेज में आयोजित की गई। लीग चरण में महाविद्यालय बिलासपुर की टीम ने तीन में से दो मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में टीम ने हमीरपुर महाविद्यालय की टीम को छह अंकों के अंतर से पराजित कर फाइनल में स्थान सुनिश्चित किया और प्रतियोगिता में प्रथम उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य डॉ. पी एस कटवाल ने खिलाड़ियों को हार पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। टीम का नेतृत्व करने के लिए प्रो. शीतल धीमान को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रो. प्रेमजीत, प्रो. रंजीत, डॉ. सुरिंद्र, डॉ. सुरजीत, डॉ. रवि, डॉ. रितु, डॉ. नम्रता ने टीम को शुभकामनाएं दीं।