लोकनृत्य प्रतियोगिता में संतोषी आईटीआई रही प्रथम स्थान पर
- जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में महिला वर्ग के मुकाबले हुए संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बिलासपुर में चल रही 17वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में महिला वर्ग के मुकाबले शनिवार को संपन्न हो गए।
कबड्डी में राजकीय आईटीआई बिलासपुर विजेता रही। महिला राजकीय महिला आईटीआई बिलासपुर उपविजेता बनी। खो-खो में राजकीय आईटीआई बरठीं ने रोमांचक मुकाबले में राजकीय महिला आईटीआई बिलासपुर को हराकर खिताब जीता। बैडमिंटन में संतोषी आईटीआई घुमारवीं विजेता रही। आईटीआई महिला बिलासपुर ने दूसरा स्थान हासिल किया। समूहगान में आईटीआई बिलासपुर ने प्रथम और संतोषी आईटीआई ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। एकल गायन में राजकीय महिला आईटीआई बिलासपुर प्रथम, संतोषी आईटीआई दूसरे स्थान पर रही। नाटक में महिला आईटीआई बिलासपुर ने प्रथम और आईटीआई बरठीं ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य में संतोषी आईटीआई पहले और आईटीआई स्वारघाट दूसरे स्थान पर रही। आईटीआई बिलासपुर के प्रधानाचार्य सुनील पटियाल ने बताया कि पुरुष वर्ग के मुकाबले रविवार से शुरू होंगे। प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को होगा।