चंडीगढ़ में रहता है कुणाल, 18 फरवरी को सुबह पहुंचा पत्र, 11 बजे था साक्षात्कार
मल्टी टास्क वर्कर के इंटरव्यू से वंचित हो गया भराड़ी का युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। मात्र 10 किलोमीटर की दूरी तय करने में डाक विभाग को 13 दिन लग गए। इस देरी का खामियाजा युवक को भुगतना पड़ा। वह जल शक्ति विभाग में मल्टी टास्क वर्कर पद के साक्षात्कार से वंचित हो गया।
पडयालग पंचायत के डोहरु गांव निवासी कुणाल सिंह ने वर्ष 2024 में जल शक्ति विभाग में मल्टी टास्क वर्कर के पद के लिए आवेदन किया था। विभाग ने 18 फरवरी 2025 को उसका साक्षात्कार निर्धारित किया था। इसके लिए विभाग ने डाक से साक्षात्कार के लिए पत्र भेजा। कुणाल इन दिनों चंडीगढ़ में रह रहा है। उसने घरवालों को बताया था कि कोई भी जरूरी पत्र आए तो उसे तुरंत फोन करके सूचित करें। जब 18 फरवरी की सुबह साक्षात्कार पत्र उसके घर पहुंचा, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। साक्षात्कार घुमारवीं में सुबह 11 बजे होना था। इतने कम समय में चंडीगढ़ से घुमारवीं पहुंच पाना संभव नहीं था। अगर पत्र कम से कम एक दिन पहले भी मिल जाता, तो कुणाल समय से साक्षात्कार में शामिल हो सकता था। डाक विभाग की इस देरी से कुणाल का सुनहरा अवसर हाथ से निकल गया। स्थानीय लोगों ने डाक विभाग की लापरवाही पर रोष जताया है। अधिकारियों से इसकी जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।