- विधायक बोले, सरकार के मंत्री सड़कों के लिए पैसा मिलने पर जता रहे केंद्र सरकार का आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल ने प्रदेश में विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बात-बात पर केंद्र पर हिमाचल की अनदेखी के साथ ही भाजपा नेताओं पर विकास कार्यों में अडंगे अटकाने का झूठे आरोप भी लगाते रहते हैं, जबकि उन्हीं की सरकार के मंत्री सड़कों के लिए पैसा मिलने पर केंद्र सरकार का आभार जता रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि केंद्र से हिमाचल को पूरी मदद मिल रही है, लेकिन प्रदेश सरकार अपने हिस्से का काम नहीं कर रही है। भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन प्रोजेक्ट इसका एक उदाहरण है। 75:25 के अनुपात में बन रहे इस प्रोजेक्ट के लिए प्रदेश सरकार अपने हिस्से का पैसा नहीं दे रही है। प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हो रही है। चुनाव में लोगों से किए गए वादे पूरे करने के बजाए हर चीज पर टैक्स लगाकर उनका जीना मुश्किल किया जा रहा है। प्रदेश की जनता को गुमराह करने के लिए अपनी सभी नाकामियों का ठीकरा केंद्र पर फोड़ना कांग्रेस सरकार की आदत बन चुकी है। भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे प्रोजेक्ट का काम केंद्र से मिले पैसे से ही युद्ध स्तर पर चल रहा है, लेकिन प्रदेश सरकार इसमें अडंगा अटकाने पर आमादा है। यह प्रोजेक्ट 75:25 के अनुपात में बन रहा है। 25 फीसदी हिस्से के लिहाज से प्रदेश सरकार पर 1,441 करोड़ रुपये की देनदारी है, लेकिन वह अपना यह हिस्सा देने का नाम तक नहीं ले रही है। जाहिर है कि मुख्यमंत्री अपनी नाकामियां छिपाने के लिए केंद्र सरकार और भाजपा नेताओं के खिलाफ तथ्यहीन बयानबाजी करते रहते हैं।