-कोट स्कूल में एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोट में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता विद्यालय प्रधानाचार्य नीलम शर्मा ने की।
वृत्त पर्यवेक्षिका शकुंतला शर्मा ने बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेटियां आज के समय में शिक्षा, खेलकूद, प्रशासनिक सहित अन्य क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। बेटियों को सही समय पर सही शिक्षा और सही पोषण देना भी हम सभी का कर्तव्य है। केंद्र, प्रदेश सरकार बेटियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं को शुरू कर उनका वर्तमान और भविष्य सुरक्षित कर रही हैं। बेटियों को अच्छे-बुरे की पहचान कराना, उन्हें पौष्टिक आहार के बारे में जानकारी देना माता-पिता और शिक्षकों का कर्तव्य है। गुड और बैड टच के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।स्वास्थ्य विभाग से डॉ. मुनीष रावत ने एनीमिया आदि रोगों से बचाव की जानकारी दी। साथ ही बेटियों को संतुलित आहार और मोटे अनाज का उपयोग भी करने की जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य और स्वच्छता पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम का आयोजन कोट स्कूल में करवाने के लिए विभाग का धन्यवाद किया और बेटी का महत्व विषय पर जानकारी दी। शिविर में कोट पंचायत प्रधान सोमा देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित अन्य उपस्थित रहे।