जुखाला(बिलासपुर)। सदर खंड की मार्कंडेय पंचायत के अधीन आने वाले गांव मंगरोट, सरड़, बरोग, संदौली और थौड़ू के लिए जलशक्ति विभाग ने सिंचाई के लिए स्कीम बनाई थी। इसका भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 2003 में शिलान्यास किया था। इन गांव के लोगों को आस बंधी थी कि उनके खेतों को भी पानी मिलेगा और नगदी फसलें उगाकर अपना परिवार चलाएंगे। लोगों को इस योजना का लाभ मिलना तो दूर, बीच में ही इसकी मशीनरी चोरी हो गई।
हैरानी का विषय यह है कि शिलान्यास के 17 साल बीत जाने पर भी यह स्कीम नहीं बन पाई है। ग्रामीण बार-बार इस समस्या को विभाग और सरकारों से उठाते रहे हैं। अभी तक यह सिंचाई स्कीम नहीं चल पाई है। मार्कंडेय पंचायत के उपप्रधान देवराज शर्मा, कैप्टन सुरिंदर राणा, नरेश शर्मा, रामलाल शर्मा, संजय शर्मा, अनिल कुमार व सुशील आदि ने विधायक सुभाष ठाकुर से इस सिंचाई स्कीम को जल्द चालू करने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि इस सिंचाई स्कीम पर अभी तक एक करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इस सिंचाई योजना की टेस्टिंग 2012 में कर दी गई थी व इसका पानी दोनों स्टेजों में पहुंचा दिया गया था लेकिन इसका उद्घाटन नहीं हो पाया।
इसके बाद साल 2013-14 में इसके दोनों स्टेजों की पंपिंग मशीनरी चोरी हो गई। इस कारण अभी तक यह सिंचाई स्कीम चल नहीं पाई है। इस सिंचाई स्कीम से 70 हेक्टेयर क्षेत्र में सुविधा मिलनी थी। लोगों को पानी तो मिला नहीं लेकिन लगाई गई मशीनरी भी चोरी हो गई। अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग बिलासपुर अरविंद वर्मा ने बताया कि इस सिंचाई स्कीम की पहली स्टेज को चालू कर दिया गया है व एक महीने में इस सिंचाई योजना को चालू कर दिया जाएगा।