पांच प्रतिष्ठित कंपनियां लेंगी साक्षात्कार, आईटीआई, स्नातक, दसवीं पास अभ्यर्थियों के लिए अवसर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उप रोजगार कार्यालय घुमारवीं में 17 फरवरी को लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में पांच प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयों में लगभग 103 पदों पर कुशल, अर्द्ध कुशल और आईटीआई प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने बताया कि रोजगार मेले के माध्यम से विभिन्न कंपनियां अलग-अलग पदों के लिए पात्र उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेंगी। सूरज फैब्रिक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड मेकेनिकल फिटर, इलेक्ट्रीशियन और फर्नेस मेटलर के पदों के लिए आईटीआई पास अभ्यर्थियों का चयन करेगी। इन पदों के लिए आयु सीमा 30 वर्ष या उससे अधिक निर्धारित की गई है। इंस्टा सिक्योर बिजनेस सॉल्यूशंस प्रा. लि. सेल्स एग्जीक्यूटिव और सर्वे एग्जीक्यूटिव पदों के लिए 12वीं और स्नातक पास अभ्यर्थियों का चयन करेगी। इन पदों के लिए आयु सीमा 45 वर्ष तक रहेगी। सांख्यान ट्रस्ट प्रा. लि. एचआर मैनेजर (फाइनेंस एवं अकाउंट) के पदों के लिए स्नातक व स्नातकोत्तर अभ्यर्थियों तथा होटल स्टाफ के लिए 12वीं और होटल मैनेजमेंट डिप्लोमा धारकों का चयन करेगी। इन पदों के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। एसआईएस सिक्योरिटी इंडिया लिमिटेड सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सुपरवाइजर के पदों के लिए दसवीं पास अभ्यर्थियों का चयन करेगी। आयु सीमा 19 से 40 वर्ष निर्धारित है। अभ्यर्थियों की ऊंचाई न्यूनतम 168 सेंटीमीटर तथा वजन 54 से 95 किलोग्राम होना आवश्यक है। कम्पीटेंट ऑटोमोबाइल लिमिटेड (नेक्सा) रिलेशनशिप मैनेजर के पदों के लिए किसी भी विषय में स्नातक पास अभ्यर्थियों का चयन करेगी। इन पदों के लिए आयु सीमा 22 से 40 वर्ष रखी गई है। जिला रोजगार अधिकारी ने जिले के इच्छुक अभ्यर्थियों से आह्वान किया है कि वे अपने मूल प्रमाण पत्रों सहित रोजगार मेले में भाग लेकर अवसर का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-222450 पर संपर्क किया जा सकता है।