फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: जन शिकायतों का मौके पर निरीक्षण करने के निर्देश

Tue, 24 Feb 2026 11:47 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
उपमंडल घुमारवीं में एसडीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक
विज्ञापन

लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत बोर्ड से संबंधित रहीं ज्यादा शिकायतें
एसडीएम बोले,आम जनता की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी समाधान प्राथमिकता

संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं में एसडीएम गौरव चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार में उपमंडल स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा गैर-सरकारी सदस्यों ने भाग लेते हुए क्षेत्र की जन समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा।
एसडीएम गौरव चौधरी ने कहा कि जन शिकायत निवारण समिति का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे, इसके लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। कहा कि यह बैठक प्रशासन और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण मंच है, जहां स्थानीय स्तर की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाता है। एसडीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहां अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें और निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी सहन नहीं की जाएगी। बैठक में लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत बोर्ड से संबंधित शिकायतें सर्वाधिक रहीं। इनमें ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति में अनियमितता, क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत, बिजली की आंखमिचौली, ट्रांसफार्मर खराब होने, विद्युत पोल बदलने जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। इसके अतिरिक्त राजस्व, पंचायती राज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से संबंधित मामलों पर भी चर्चा की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को बैठक के दौरान ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए, जिससे कुछ शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों में विभागों को समयबद्ध कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक शिकायतों का समाधान निर्धारित अवधि के भीतर किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। बैठक में उपस्थित जन प्रतिनिधियों और गैर-सरकारी सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी और संबंधित विभागों को जवाबदेह बनाया जाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, समिति के गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे। एसडीएम ने अंत में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जन समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें