उपायुक्त मानसी सहाय ठाकुर ने शनिवार को सदर विकास खंड के अंतर्गत नोग में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की उठाऊ पेयजल योजना का औचक निरीक्षण किया। इस योजना के माध्यम से की जा रही जलापूर्ति तथा आसपास सफाई व्यवस्था को संतोषजनक पाया। उपायुक्त नेे विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिला में सभी पेयजल योजनाओं के तहत जल भंडारण टैंकों के बाहर उनकी साफ-सफाई से संबंधित विवरणिका लगाएं। इसमें स्पष्ट रूप से तिथि अंकित हो। उन्होंने यह भी आदेश दिए कि नियमित रूप से पेयजल टैंकों की सफाई सुनिश्चित की जाए।
उल्लेखनीय है कि इस उठाऊ पेयजल योजना से पूरे बिलासपुर शहर को पेयजल की आपूर्ति की जाती है। इसके अतिरिक्त उन्होंने सुंगल तथा नोग गांवों की पेयजल योजनाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को जिला की तमाम पेयजल योजनाओं के तहत भंडारण टैंकों के आसपास साफ-सफाई तथा उचित मात्रा में क्लोरीनेशन करने के भी निर्देश दिए ताकि जल जनित रोगों से बचा जा सके।
उपायुक्त मानसी सहाय ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला धरेड़ा तथा आंगनबाड़ी केंद्र का भी औचक निरीक्षण किया। जहां स्कूल में पढ़ रहे बच्चों से प्रश्न पूछकर उनके बौद्धिक व शैक्षणिक स्तर को भी जांचा। कुछ बच्चों के पढ़ाई के स्तर में कमी पाई गई। उन्होंने स्कूल अध्यापिका को निर्देश दिए कि वे बच्चों को ईमानदारी तथा निष्ठा से पढ़ाएं। उन्होंने मिड-डे मील के बारे में भी पूछताछ की। उन्होंने स्कूल अध्यापिका को निर्देश दिए कि वे बच्चों को किताबी ज्ञान के अतिरिक्त उनके सामान्य ज्ञान को बढ़ाने तथा प्रत्येक बच्चे को स्कूली शिक्षा के अतिरिक्त अन्य गतिविधियों में भी शामिल करने का प्रयास करें। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता आईपीएच एसके शर्मा, एसडीओ करतार सिंह ठाकुर तथा अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।