कायाकल्प अभियान के तहत बिलासपुर अस्पताल पहुंची केंद्रीय टीम के अधिकारी। संवाद
केंद्रीय टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता व्यवस्था को परखा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में चल रहे कायाकल्प अभियान के तहत शनिवार को केंद्रीय मूल्यांकन टीम ने अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। टीम ने मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, वार्ड प्रबंधन, दवाइयों की उपलब्धता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का गहनता से परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, विभिन्न वार्ड, प्रयोगशाला, प्रसूति कक्ष और फार्मेसी का दौरा किया। मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली गई। अस्पताल में तैनात चिकित्सकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने टीम को संक्रमण नियंत्रण उपायों, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन, साफ-सफाई के मानकों और रिकॉर्ड संधारण प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। टीम ने दवा भंडारण, स्टॉक रजिस्टर और शिकायत निवारण व्यवस्था की भी समीक्षा की। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, क्षेत्रीय अस्पताल पहले चरण का मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा कर चुका है। दूसरे चरण के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। निरीक्षण के बाद केंद्रीय टीम अपनी रिपोर्ट प्रदेश और केंद्र सरकार को सौंपेगी। बताया जा रहा है कि निर्धारित मानकों पर खरा उतरने की स्थिति में अस्पताल को विशेष अनुदान मिल सकता है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि कायाकल्प अभियान का उद्देश्य केवल पुरस्कार प्राप्त करना नहीं, बल्कि अस्पताल में स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करना है। केंद्रीय टीम का यह निरीक्षण स्वास्थ्य व्यवस्था के सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।