नौणी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लोगों के स्वास्थ्य की जांच करते चिकित्सक। स्रोत: एसोसिएशन
ट्रकर परियोजना बरमाणा ने नौणी चौक में लगाया शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ट्रकर परियोजना बरमाणा ने नौणी चौक में स्वास्थ्य जांच जागरुकता शिविर का आयोजन किया। इस दौरान डॉ. विवेक पवार ने ट्रक चालकों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी।
परियोजना प्रबंधक राजेश शर्मा ने बताया कि लायुल ट्राइबल वेलफेयर एसोसिएशन बिलासपुर में हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति-शिमला के सहयोग से चलाई जा रही है। ताकि जिले के लोगों को एचआईवी/एड्स और यौन रोगों के बारे में जागरूक किया जा सके। एचआईवी/एड्स का अभी तक कोई भी इलाज संभव नहीं है। इस जानलेवा बीमारी से इसके फैलने के कारणों के बारे में संपूर्ण जानकारी हो तभी बचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स असुरक्षित यौन संबंधों, संक्रमित सुइयों के इस्तेमाल, संक्रमित रक्त चढ़ाने और संक्रमित गर्भवती मां से उसके होने वाले बच्चे को फैलता है। इन कारणों से सुरक्षा अपना कर इस जानलेवा बीमारी से बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि यौन रोगों का संपूर्ण इलाज संभव है यदि इनकी समय पर पहचान की जाए और दवाइयों का संपूर्ण कोर्स किया जाए। उन्होंने बताया कि एचआईवी/एड्स और यौन रोगों से जानकारी से ही बचाव संभव है।