सरकार ने बिलासपुर में महिलाओं के खाते में भेजे 1.42 करोड़ रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना में 3173 महिलाओं के बचत खातों में एक करोड़ 42 लाख, 78 हजार 5 सौ रुपये की राशि जारी की गई है। अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. निधि पटेल ने बताया कि जिले में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना में 3173 महिलाओं के बचत खातों में स्वीकृत राशि जमा हुई है।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के अंतर्गत बिलासपुर में आचार संहिता लागू होने से पूर्व यानी 16 मार्च 2024 तक प्राप्त 3173 मामलों में प्रथम तिमाही अप्रैल 2024 से जून 2024 में स्वीकृति प्रदान करने के उपरांत जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय के माध्यम से 1,42,78,500 की राशि जारी करने उपरांत पात्र महिला लाभार्थियों के बैंक एवं डाकघरों के बचत खातों में सीधे तौर पर जमा की जा चुकी है। इस योजना के तहत 1500 रुपये की राशि लाभार्थी को प्रतिमाह देने का प्रावधान किया गया है। कहा कि योजना के अंतर्गत आदर्श आचार संहिता से पूर्व प्राप्त सभी पात्र आवेदन पत्रों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। बिलासपुर में आचार संहिता से पूर्व सभी तहसील कल्याण अधिकारियों के कार्यालयों में प्राप्त कुल 3276 आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे। आवेदन पत्रों के दस्तावेजों की जांच किए जाने के बाद उक्त राशि जारी हुई है। इसके अतिरिक्त तहसील कल्याण अधिकारियों ने उक्त अवधि में प्राप्त प्रार्थना पत्रों की जांच की प्रक्रिया जारी है। शीघ्र ही शेष 103 आवेदकों के पक्ष में राशि स्वीकृत करने के बाद जारी की जाएगी।