-डेढ़ साल पहले हुआ है निर्माण कार्य पूरा, जनता को करना होगा इंतजार
-घुमारवीं शहर में पार्किंग समस्या को देखते हुए बनाई है पार्किंग
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के तहत करोड़ों की लागत से बनाई गई मल्टी स्टोरी पार्किंग का लोकार्पण एक बार फिर टल गया है। पार्किंग का निर्माण कार्य पूरा हुए डेढ़ साल से अधिक का समय हो गया है, लेकिन नगर परिषद इसे जनता के लिए खोलने में विफल रही है।
नगर परिषद ने पहले यह दावा किया था कि आगामी बैठक में पार्किंग के लोकार्पण पर निर्णय लिया जाएगा, लेकिन हाल ही में हुई बैठक में भी इस मुद्दे पर कोई फैसला नहीं लिया गया। इससे शहरवासियों में निराशा और प्रशासन के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। शनिवार को नगर परिषद द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया था। लोगों को उम्मीद थी कि इस बैठक में मल्टी स्टोरी पार्किंग के लोकार्पण की तारीख तय होगी और जल्द ही उन्हें पार्किंग की सुविधा का लाभ मिलेगा। लेकिन बैठक में नगर परिषद पार्किंग के उद्घाटन को लेकर किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई। परिणामस्वरूप, लोगों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। लोगों को उम्मीद थी कि नगर परिषद द्वारा बनाई गई यह मल्टी-स्टोरी पार्किंग शहर के बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में मददगार साबित हो सकती थी। लेकिन लोकार्पण में हो रही देरी के कारण यह सुविधा अब तक जनता के लिए उपलब्ध नहीं हो पाई है।
बता दें कि इस मल्टी-स्टोरी पार्किंग का निर्माण 1.20 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है, लेकिन वर्तमान में इसका उचित उपयोग नहीं किया जा रहा है। यह स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। एक ओर पुलिस प्रशासन शहर में लगने वाले जाम से निपटने की पूरी कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरी ओर नगर परिषद करोड़ों रुपये खर्च कर तैयार की गई इस सुविधा को आम जनता के लिए चालू नहीं कर पा रही है।
कोट
हमारी प्राथमिकता है कि शहरवासियों को जल्द से जल्द इस पार्किंग की सुविधा मिले। कुछ तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से देरी हुई है, लेकिन अब बचा हुआ काम पूरा करवाया जाएगा। इसके बाद पार्किंग को जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
रीता सहगल, अध्यक्ष, नगर परिषद घुमारवीं