लोक नृत्य और गीत आसां एनएसएस कैंप लगाना जरूर ने बटोरी तालियां
एनएसएस शिविर के समापन पर स्वयंसेवकों ने प्रस्तुत किए रंगारंग कार्यक्रम
सात दिवसीय कैंप के दौरान मिले अनुभवों को बच्चों ने मंच से किया साझा
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चलैहली में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष आवासीय कैंप का समापन समारोह मनाया गया। कार्यकारी प्रधानाचार्य रजनीश शर्मा मुख्यातिथि रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त राजनीतिक विज्ञान प्रवक्ता सोहन सिंह ने शिरकत की।
वालंटियर छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सात दिवसीय कैंप के दौरान मिले अनुभवों को बच्चों ने मंच से साझा किया। विद्यार्थियों ने बताया कि इस कैंप ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने, स्वावलंबन सीखने और समाज सेवा की दिशा में आगे बढ़ने का नया आत्मविश्वास दिया है। कार्यक्रम अधिकारी अनूप शर्मा ने कैंप की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। बताया कि सात दिन के दौरान स्वयंसेवियों ने पाठशाला परिसर की सफाई, जल स्रोतों का रखरखाव, निर्माण कार्य, प्रभात फेरी, क्राफ्ट वर्क और सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। वहीं कार्यक्रम अधिकारी कुशा चड्ढा ने बच्चियों को आत्मनिर्भरता की राह पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि रजनीश शर्मा ने बच्चों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कैंप विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने बच्चों से समय का सदुपयोग करने और नैतिक शिक्षा को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवियों द्वारा प्रस्तुत लोक नृत्य और गीत आसां एनएसएस कैंप लगाना जरूर ने उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं। इस मौके पर उप प्रधानाचार्य अरुण बाला, वरिष्ठ प्रवक्ता विनोद मेहता, निक्कू राम बंसल, रमेश कुमार, राकेश संधू, पवन कुमार, सतीश कुमार, सुरजीत कुमार, चमन लाल, केशव भारद्वाज, कविता रानी, कुलदीप कुमार, अशोक कुमार, अंकिता शर्मा, हेम राज और अजय कुमार सहित अन्य अध्यापक मौजूद रहे। पाठशाला प्रवक्ता राकेश कुमार संधू ने बताया कि यह कैंप अपने आप में अतुलनीय रहा। कैंप के बाद बच्चों का आत्मविश्वास नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है और वे समाज व राष्ट्र सेवा के लिए और अधिक प्रेरित हुए हैं।