श्री नयना देवी जी(बिलासपुर)। श्री नयना देवी जी में हवन की पूर्णाहुति के साथ चैत्र नवरात्र मेलों का समापन हुआ। इस बार मेला के दौरान कम संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे। तहसीलदार हुस्न चंद ने कहा कि इस बार कोरोना के चलते मंदिर में 9 दिन में करीब 75 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। पूर्णाहुति के साथ माता रानी से सबकी सुरक्षा की प्रार्थना की। वहीं श्री नयना देवी जी में नौ दिन में 59.11 लाख नकदी, 158 ग्राम 400 मिलीग्राम सोना, 6 किलो 973 ग्राम चांदी की चढ़त चढ़ी है।
हालांकि नवरात्र के दौरान इस बार पेयजल, विद्युत, सड़क, सफाई व्यवस्था काफी बेहतर रही और श्रद्धालुओं ने मां नयना के दर्शन करके अपनी मनोकामना पूर्ण की।
कोविड-19 महामारी के चलते कम संख्या में श्रद्धालु मां नयना के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए पहुंचे। मंदिर प्रशासन द्वारा चैत्र मेलों के दौरान सरकार द्वारा जारी एसओपी का पूर्ण पालन किया गया। यह सुनिश्चित किया गया कि श्रद्धालु मास्क लगाकर ही मां के दरबार में जाएं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। डीएसपी अभिमन्यु ने इस बार ड्रोन के माध्यम से भी श्रद्धालुओं की भीड़ पर नजर रखी। क्षेत्र की कानून व्यवस्था सुचारु बनी रही।
चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर कोरोना महामारी के निवारण के लिए पुजारी वर्ग और मंदिर न्यास के संयुक्त सहयोग से पूजा पाठ का आयोजन किया गया और इसकी वीरवार को पूर्णाहुति डाली गई। यह धार्मिक अनुष्ठान 10 दिन चला।