वक्ताओं ने खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का किया आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से खरली धनीपखर स्टेशन में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेरा युवा भारत बिलासपुर के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान वक्ताओं ने नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के सीनियर हेल्थ सुपरवाइजर कश्मीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि युवाओं में नशीले पदार्थों के सेवन का बढ़ता चलन चिंता का विषय है। नशे से व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ता है। इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और सामाजिक जीवन पर भी पड़ता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
मनजीत कौर ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम है। युवाओं को स्वयं जागरूक होने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए। वहीं, विनोद धीमान ने नशे की बढ़ती समस्या और इसके सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी।
धनीपखर पंचायत के प्रधान करम सिंह ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से खेलकूद, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा गांव को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में चारों रिसोर्स पर्सन ने अपने विचारों और अनुभवों के माध्यम से युवाओं का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर मेरा युवा भारत बिलासपुर की ओर से शिवम और साहिल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, गांव व समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया।