संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला औहर में आयोजित अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में पीएम श्री एसवीपीएम सीबीएसई स्कूल घुमारवीं की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता की बॉक्सिंग स्पर्धा में स्कूल की बालिका टीम ने चार स्वर्ण समेत कुल आठ पदक जीते। वहीं, बैडमिंटन में रिया और अदिति की जोड़ी ने दूसरा स्थान हासिल किया।
बॉक्सिंग में पलक शर्मा ने 46 किलोग्राम, प्रिया दर्शनी ने 47 से 50 किलोग्राम, पलक ने 60 किलोग्राम और गौरी शर्मा ने 66 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।
गरिमा ने 66 से 70 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया। प्रियंका ने 57 किलोग्राम, अदिति वर्मा ने 57 से 60 किलोग्राम और प्रांजली ने 52 से 55 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किए।
बैडमिंटन स्पर्धा में रिया और अदिति की जोड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया। छात्राओं के इस प्रदर्शन से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। छात्राओं ने प्रतियोगिता में खेल भावना के साथ प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग देगा।