ग्वालथाई, नैला और धार पंजीगल क्षेत्र में हुआ अवैध कटान
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विधानसभा क्षेत्र श्री नयना देवी क्षेत्र में खैर के पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आया है। वन विभाग ने गश्त के दौरान तीन अलग-अलग क्षेत्रों में कुल 32 खैर के पेड़ कटे हुए पाए। वन विभाग की शिकायत पर थाना कोट कहलूर में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ग्वालथाई बीट के वन रक्षक इंचार्ज अजय कुमार ने पुलिस चौकी ग्वालथाई में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया है कि 2 मार्च को वन विभाग की टीम ने यूपीएफ ग्वालथाई, नैला और धार पंजीगल क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर खैर के कुल 32 पेड़ कटे हुए पाए गए। इनमें कुछ पेड़ सूखे थे, जबकि कई पेड़ हरे-भरे थे, जिससे स्पष्ट है कि हाल ही में उनका कटान किया गया है। वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर कटे हुए पेड़ों का रिकॉर्ड तैयार किया और आसपास के क्षेत्र की भी जांच की। वन विभाग ने बताया कि आसपास के क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति को कई बार घूमते हुए देखा गया था, जिसके आधार पर अवैध कटान को लेकर संदेह जताया गया है। वन विभाग ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी, जिसके आधार पर थाना कोट कहलूर में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।